https://zindagiblog.com/ zindagiblog.com
जिंदगी जीने के लिए ...
Hercule Poirot

Hercule Poirot – हरक्यूल पायरो की गाथा

पने कभी यह सोचा है कि कोई चरित्र काल्पनिक होते हुए भी इतना जीवंत हो जाए कि उसे लेकर लिखे गए आखिरी उपन्यास के बाद उसको अखबारों में श्रद्धांजलि दी जाए। यही नहीं, बाद में इस काल्पनिक चरित्र की जीवनी भी लिखी जाए। यानी वह कब पैदा हुआ और कब मरा । उसके रिश्तेदार कौन थे, यह सब उस जीवनी में हो। आज हम इसी पात्र के बारे में बात करते हैं जिसका नाम है Hercule Poirot आगे हम जानते हैं  हरक्यूल पायरो की गाथा के बारे में ।

अगाथा का पायरो –

विचित्र किंतु सत्य लगने वाली यह बात हो चुकी है। जिस चरित्र के साथ  ऐसे वाकये हुए उसका नाम है हरकूल पायरो | हरकूल पायरो उन जासूसी उपन्यासों का केन्द्रीय चरित्र है जो अगाथा क्रिस्टी ने लिखे। हालांकि अगाथा क्रिस्टी के कुछ जासूसी उपन्यासों की मुख्य जासूस मिस मार्पल भी रहीं, लेकिन जो लोकप्रियता हरकूल पायरो को मिली वह अपने में बेमिसाल है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पायरो पर केन्द्रित अगाथा क्रिस्टी के आखिरी उपन्यास ‘कर्टेन-पायरोज लास्ट केस’ के प्रकाशित होने के बाद 6 अगस्त, 1975 को न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा- ‘मशहूर बेल्जियन जासूस हरकूल पायरो का निधन हो गया।’ इस उपन्यास में भी हरकूल पायरो नाम के चरित्र की मौत होती है। यह मौत दरअसल आत्महत्या है, क्योंकि बीमार पायरो एक ऐसी स्थिति पैदा करता है कि जल्द ही उसकी मृत्यु हो जाए। इस कहानी की एक खूबी यह भी है कि पायरो इसमें एक हत्यारे की हत्या भी करता है। चूंकि  हत्यारा दूसरों को बहकाकर हत्या करवाता है, इसलिए उसे किसी अदालत में सजा नहीं दी जा सकती। इसीलिए पायरो उसकी हत्या कर उसे सजा देता है।

पायरो की जीवनी –

पायरो की जीवनी भी लिखी गई । जीवनी लेखक का नाम है आने हार्ट   (Alan L. Hart) यह किताब भी काफी लोकप्रिय हुई। इस बात से भी सोचा जा सकता है कि हरकूल पायरो का चरित्र किस तरह लोगों के मन में समा गया था। हालांकि यह कमाल उसके चरित्र को गढ़ने वाली अगाथा क्रिस्टी का था, लेकिन अगाथा क्रिस्टी के न चाहने के बावजूद पायरो का चरित्र बरकरार रहा। हुआ यह था कि पायरो पर केन्द्रित शुरुआती उपन्यासों को लिखने के बाद अगाथा क्रिस्टी चाहती थीं कि उसके चरित्र को खत्म कर दिया जाए, लेकिन पाठकों के विरोध को देखते हुए वह ऐसा नहीं कर सकी।

पायरो पर उपन्यास –

अगाथा क्रिस्टी ने पायरो को केन्द्रित कर लगभग तीस उपन्यास और पचास कहानियां लिखीं। पायरो पर केन्द्रित पहला उपन्यास ‘मिस्टीरियस अफेयर्स एट स्टाइल्स’ 1920 में छपा था और आखिरी, कर्टेन 1975 में। इस तरह पचपन साल तक पायरो अंग्रेजी के जासूसी उपन्यास के पाठकों के दिल और दिमाग पर छाया रहा। दरअसल आज भी पायरो मरा नहीं है। जैसे जेम्स बॉन्ड नहीं मरा है। अगाथा क्रिस्टी के उपन्यासों पर आज भी फिल्में बनती हैं और दुनिया के बड़े-बड़े कलाकार पायरो की भूमिका पाने की आकांक्षा रखते हैं। अलबर्ट फिने, पीटर उत्सीनोव, डेविड सचेट जैसे अभिनेता पायरो की भूमिका निभा चुके हैं। पायरो आज भी कितना लोकप्रिय है इसे इसी बात से जाना जा सकता है कि डेविड सचेट को जब पायरो का बेहतरीन अभिनय करने के लिए इंग्लैंड की रानी ने पुरस्कृत किया तो सचेट ने कहा कि यह उनका ही नहीं पायरो का भी सम्मान है, लेकिन इससे भी मजेदार वक्तव्य एक पत्रकार का था। उसने लिखा कि सचेट को यह पुरस्कार इसलिए दिया गया है कि रानी अगाथा क्रिस्टी और हरकूल पायरो की प्रशंसिका है।

शरलॉक होम्स – 

पायरो के पहले अंग्रेजी भाषी समाज में जासूसी उपन्यासों के जिस किरदार की तूती बोलती थी वह था शरलॉक होम्स जिसे आर्थर कानन डायल ने रचा था। पर पायरो और होम्स की शख्सियतें अलग-अलग थीं। शरलॉक होम्स की जासूसी की शैली घटना स्थल पर जाने, वहां उंगलियों के निशान लेने और सबूतों को इकट्ठा करने पर थी, लेकिन पायरो का जोर मनोविज्ञान पर था । वह हालात और जानकारियों का विश्लेषण करता था। वह हमेशा कहता था ‘लिटल ग्रे रोल्स’ पर भरोसा रखो। यानी सोचने की ताकत से गुत्थी सुलझाओ।

पायरो की गाथा –

दरअसल यह अगाथा क्रिस्टी की खास रचना शैली थी जो आर्थर कानन डायल से अलग तरह की थी, इसलिए इसने पायरो (Hercule Poirot) को एक नितांत अलग किस्म का जासूस बनाया। पायरो इंग्लैंड का निवासी या अंग्रेज नहीं है। वह बेल्जियम का रहने वाला है। उसकी अंग्रेजी बहुत अच्छी है, लेकिन वह कई बार जान-बूझकर गलत अंग्रेजी बोलता जिससे कि अपराधी उससे थोड़े असावधान रहें। उसका चेहरा अंडाकार है। उसकी मूछें नुकीली हैं जिसे वह बार-बार कंघी से संवारता है। उसका एक पैर थोड़ा खराब है। उसे गर्म चॉकलेट पीना पसंद है। उसकी आंखें हरी हैं। कपड़ों के मामले में वह काफी नफासत पसंद है। उसके  घर में हर चीज करीने से रखी रहती है। वह अनुशासन का पक्का है। साथ ही उसे अपने ऊपर बड़ा नाज भी है, जिसे घमंड भी कह सकते हैं। कुछ मामलों में वह डरता भी है।  खासकर दांत के डॉक्टरों से। पायरो ने शादी नहीं की, लेकिन लड़कियों और महिलाओं के लिए वह पापा पायरो है। यानी एक ऐसा शख्स जिस पर महिलाएं भरोसा कर सकती हैं।

वैसे तो अगाथा क्रिस्टी का हर उपन्यास अपने में अलग है। फिर भी पायरो (Hercule Poirot) को केन्द्र में रखकर लिखे उनके कुछ उपन्यास खासे चर्चित रहे। इनमें एक है ‘मर्डर ऑन द ओरिएंट एक्सप्रेस।’ यह 1934 में लिखा गया। दुनिया भर के जासूसी उपन्यासों में यह एक क्लासिक रचना मानी जाती है और इस पर चर्चित फिल्म भी बनी है। संक्षेप में इसकी कहानी यह है कि पायरो ओरिएंट एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा होता है। यात्रा के दौरान बर्फबारी की वजह से ट्रेन रुक जाती है और इसी बीच पता चलता है कि एक धनी अमेरिकी यात्री की हत्या हो गई है। उसके शरीर पर चाकू के बारह निशान पाए जाते हैं। पहले तो सभी अनुमान लगाते हैं कि हत्यारा एक ही है।

फिर पायरो (Hercule Poirot) की सूक्ष्म निरीक्षण क्षमता से यह बात सामने आती है कि मृत शख्स पर चाकू के कुछ वार बाएं हाथ से किए हैं और कुछ दाहिने हाथ से। मामला उलझता जाता है। फिर पायरो यह गुत्थी सुलझाता है कि हत्या में बारह लोग शामिल थे। हत्या की वजह बदले की भावना थी। हुआ यह था कि उस अमेरिकी ने अमेरिका में एक बच्चे को अगवा कराया था और बाद में उस बच्चे की हत्या हो गई थी। उस बच्चे से जुड़े लोग इसी वजह से प्रतिशोध लेना चाहते थे। चूंकि पूरे मामले में एक नैतिक पहलू था इसलिए पायरो ने पुलिस को यह कहानी बताई कि हत्यारा तो बर्फबारी का लाभ उठाकर भाग गया। इस तरह हत्या करने वालों को पायरो कानून से बचा लेता है।

हर्क्यूल पायरो (Hercule Poirot) पर पुस्तकें – 

  1. द ॲडव्हेंचर्स ऑफ द ख्रिसमस पुडिंग
  2. अपॉइंटमेंट विथ डेथ
  3. आफ्टर द फ्यूनरल
  4. द ए बी सी मर्डर्स
  5. एलिफंट्स कॅन रिमेंबर
  6. एव्हिल अंडर द सन
  7. कॅट अमंग द पिजन्स
  8. कर्टन : पायरोज् लास्ट केस
  9. कार्ड्‌स ऑन द टेबल
  10. द क्लॉक्स
  11. टेकन ॲट द फ्लड
  12. डंब विटनेस
  13. डेड मॅन्स फॉली
  14. डेथ इन द क्लाऊड्स
  15. डेथ ऑन द नाईल
  16. थर्ड गर्ल
  17. थ्री-ॲक्ट ट्रॅजेडी
  18. पायरो इन्व्हेस्टिगेट्स
  19. पायरोज अर्ली केसेस
  20. पेरिल ॲट एन्ड हाऊस
  21. फाईव्ह लिटल पिग्ज
  22. द बिग फोर
  23. ब्लॅक कॉफी
  24. मर्डर इन मेसोपोटेमिया
  25. मर्डर इन द म्यूज
  26. द मर्डर ऑन द लिंक्स
  27. मर्डर ऑन द ओरिएन्ट एक्स्प्रेस
  28. द मर्डर ऑफ रॉजर अक्रॉयड
  29. मिसेस मॅक्‌जिंटी इज डेड
  30. द मिस्टरी ऑफ ब्लू ट्रेन
  31. द मिस्टीरियस अफेअर ॲट स्टाईल्स
  32. लॉर्ड एजवेअर डाईज
  33. द लेबर्स ऑफ हर्क्युलस
  34. वन, टू, बकल माय शू
  35. सॅड सायप्रस
  36. हर्क्यूल पायरोज् ख्रिसमस
  37. हॅलोविन पार्टी
  38. द हॉलो
  39. हिकरी डिकरी डॉक ।।

ये भी पढ़ें –

क्रोध पर विजय कैसे पाएं – योग से गुस्से का उपचार कैसे करें

वित्तीय सेहत सुधारने के 10 आसान उपाय – How to improve financial health in Hindi

 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *